फंदे पर लटकता मिला महिला का शव
जागरण संवाददाता, कानपुर : कल्याणपुर के सराय मसवानपुर में शनिवार सुबह महिला का शव फंदे पर लटकता मिला।
जागरण संवाददाता, कानपुर : कल्याणपुर के सराय मसवानपुर में शनिवार सुबह महिला का शव फंदे पर लटकता मिला। पिता ने दामाद पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर उसे गिरफ्तार किया है।
मसवानपुर सराय निवासी उमेश तिवारी प्रतिरक्षा कर्मी हैं। परिवार में दो बेटे विशाल और संकेत हैं। बड़ा बेटा विशाल नोएडा में नौकरी करता है जबकि छोटा हाईस्कूल का छात्र है। शनिवार सुबह संकेत के स्कूल जाने के बाद उमेश का पत्नी नीरज उर्फ बेबी (43) से विवाद हो गया और उन्होंने बेबी को पीट दिया। इसके बाद उमेश घर के बाहर चले गए। मारपीट से क्षुब्ध बेबी ने अंदर से दरवाजा बंदकर मकान की पहली मंजिल पर स्थित जाल से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। जब तक उमेश पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर ऊपर पहुंचे उसकी सांसे थम चुकी थी। उमेश ने पुलिस के साथ ही ससुर ओमप्रकाश को नीरज के फांसी लगाने की सूचना दी। जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। छोटे बेटे संकेत ने भी पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए हाथापाई का प्रयास किया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। कार्यवाहक एसओ रवि श्रीवास्तव ने बताया कि ससुर ओमप्रकाश की तहरीर पर उमेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर उसे गिरफ्तार किया गया है।
महिला से मारपीट के साक्ष्य
कार्यवाहक एसओ रवि श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को काफी मात्रा में टूटी चूड़ियां मिली हैं। इसके साथ ही महिला के कपड़े भी फटे मिले हैं। जिससे कयास लगाया जा रहा है कि महिला के साथ मारपीट हुई है।