ससुराल और मायकेवालों के बीच पथराव
जागरण संवाददाता, कानपुर : कल्याणपुर थाने के पीछे साहब नगर में शुक्रवार रात महिला की अपने पति से मारप
जागरण संवाददाता, कानपुर : कल्याणपुर थाने के पीछे साहब नगर में शुक्रवार रात महिला की अपने पति से मारपीट के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि ससुरालवालों ने छत से मायके पक्ष पर पथराव कर दिया। हमले में महिला, उसके बेटे समेत तीन को काफी चोट आई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।
महिला ने बताया कि 16 साल पूर्व उसने मोहल्ले के युवक से दूसरी शादी की थी। पहले पति से एक बेटी है और दूसरे पति से 14 साल का एक बेटा। आरोप है कि करीब एक साल पहले पति के व्यवहार में बदलाव आ गया और वह अक्सर मारपीट करने लगा। तीन महीने पहले महिला दोनों बच्चों को लेकर मायके आकर रहने लगी। थाने में पति के खिलाफ तहरीर भी दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
शुक्रवार रात पति ने मायके आकर गालीगलौज व मारपीट की। परिजनों ने विरोध किया तो उन्हें भी पीटा। इसके बाद पति और ससुरालवालों ने घर पर पथराव कर दिया। पड़ोसियों की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पति को गिरफ्तार करके थाने लाई। सुबह महिला ने पति व ससुरालपक्ष पर मुकदमा दर्ज कराया।
सौतेली बेटी पर बुरी नजर रखने का आरोप
मुकदमे में महिला ने पति पर सौतेली बेटी से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया। महिला ने बताया कि पति की गलत हरकतों के कारण ही उसे ससुराल छोड़कर मायके में रहना पड़ रहा है। वह बच्चों की परवरिश के लिए भी पैसा नहीं देता। मजबूरी में नौकरी करनी पड़ रही है।