अपना दल के जैकी को खूब मिला अपनापन
जागरण संवाददाता, कानपुर : जाजमऊ गंगापुल पर सुबह नौ बजे से ही समर्थकों का कारवां पहुंचने लगा था। सुबह
जागरण संवाददाता, कानपुर : जाजमऊ गंगापुल पर सुबह नौ बजे से ही समर्थकों का कारवां पहुंचने लगा था। सुबह 10:35 बजे अपना दल के विधायक व प्रदेश सरकार में कारागार एवं लोकसेवा प्रबंधन राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी का काफिला दिखा तो फिर स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के आगे काफिले के हूटरों का शोर भी मंद पड़ गया। खुली जीप में कार्यकर्ताओं के साथ सवार जैकी भी स्वागत से गदगद थे।
प्रदेश सरकार में मंत्री बनने के बाद पहली बार कानपुर होते हुए फतेहपुर जा रहे राज्यमंत्री को देखकर अपना दल के कार्यकर्ता भी जोश और उत्साह से लबरेज थे। जगह-जगह रोककर कार्यकर्ता उन्हें फूल मालाएं पहना रहे थे। स्वागत को उमड़े जनसैलाब का आलम यह था कि राज्यमंत्री को जाजमऊ गंगापुल से रामादेवी के बीच करीब डेढ़ किमी. का सफर तय करने में 40 मिनट लग गए। उनका काफिला रामादेवी चौराहा पहुंचा तो तोप लगाकर फूलों की वर्षा की गई। यहां काउंसिल फॉर यूनिटी ऑफ क्रिश्चियन माइनॉरिटी के लोगों ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। राज्यमंत्री ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इतना प्यार व सम्मान मिलेगा, सोचा नहीं था। उन्होंने सभी का आभार जताया। रामादेवी चौराहा से राज्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा तो सिलवासा ग्रुप के लोगों ने उन्हें मुकुट व माला पहनाकर स्वागत किया। अपना दल के फतेहपुर जिलाध्यक्ष अनिल उमराव, पवन मिश्र, नागेश पटेल, आशुतोष कटियार, कमलकांत त्रिपाठी, ओमकृष्ण यादव, आलोक सचान, सैमुअल जनसेवक, मयंक श्रीवास्तव, नोबल कुमार, कमलेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, अनुभव त्रिपाठी उपस्थित रहे।
----------
जेल में बंद माफिया पर कसेंगे नकेल, होंगी नई भर्तियां
कारागार एवं लोकसेवा प्रबंधन राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी ने दैनिक जागरण से हुई बातचीत में कहा कि जेल में बंद माफिया और गुंड़ो पर नकेल कसी जाएगी। पूर्ववर्ती सरकार में अक्सर शिकायतें मिलती रहीं है कि जेल में बैठकर माफिया बाहर अपना राज चला रहे हैं लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। प्राथमिकताएं क्या हैं पर बोले जेल में स्टाफ काफी कम है। बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। नई भर्तियां और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कराना प्राथमिकता है। पूर्व सरकारों ने बंदियों के खाने की गुणवत्ता में बहुत कटौती की है जिसे सुधारा जाएगा। जेल में पीसीओ की सुविधाएं जारी रहेंगी। जेल में जैमर लगाने का काम जल्द शुरू होगा।