पारा 35.6 डिग्री, सीजन का सबसे गर्म दिन
जागरण संवाददाता, कानपुर : बुधवार को तेज धूप की वजह से लोग गर्मी में तड़प गए। शुष्क हवाएं चलने से पारा
जागरण संवाददाता, कानपुर : बुधवार को तेज धूप की वजह से लोग गर्मी में तड़प गए। शुष्क हवाएं चलने से पारा बढ़कर 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा। यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि मार्च के अंत तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। पारा बढ़ने से गर्मी के चलते लोगों कुछ परेशानी भी हुई। दोपहर में सूरज की तपन से बचने को लोग छांव तलाशते दिखे। दोपहर के समय रावतपुर, परेड, बड़ा चौराहा व मालरोड समेत शहर के अन्य चौराहों पर वाहनों का इंतजार करने वाले शिकंजी व लेमन जूस से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। डॉ. दुबे ने बताया कि वातावरण में नमी की कमी से मौसम शुष्क हो रहा है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा।
गेहूं के उत्पादन में दस फीसद की गिरावट की आशंका :
डॉ. दुबे ने बताया कि गेहूं की फसल इन दिनों दुग्धा व पुख्तावस्था से गुजर रही है। ऐसे में नमी की कमी से दाना प्रभावित हो सकता है। ऐसी गर्मी में दाना सिकुड़ने लगता है। अगर किसान अपने खेतों में नमी बरकरार नहीं रखते हैं तो उत्पादन में दस फीसद गिरावट आ सकती है।