मूर्ति विसर्जन से नहीं नाले से गंदी हो रहीं गंगा
चौबेपुर, संवाद सहयोगी : गाय, गंगा व गरीब कलयुग में ईश्वर का रूप है। केंद्र व प्रदेश की सरकारें गंगा
चौबेपुर, संवाद सहयोगी : गाय, गंगा व गरीब कलयुग में ईश्वर का रूप है। केंद्र व प्रदेश की सरकारें गंगा को निर्मल करने के लिए सिर्फ योजनाएं ही बना रही हैं। इन योजनाओं व राजनीतिक आडंबरों से गंगा को निर्मल करना एक सपने की तरह होगा। ये बातें काशी सुमेरु पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने चौबेपुर के गौ ग्राम गौरी लख्खा स्थित अद्भुत गौशाला में संस्कार महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित अविरल गंगा निर्मल गंगा सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक धर्म स्नेही मनुष्य को अथक प्रयास करने होंगे। घाटों पर मूर्ति विसर्जन से नही बल्कि गंदा नाला व सीवर लाइनों का प्रवाह रोकने से गंगा निर्मल होंगी। ¨हदू धर्म के प्रति सकारात्मक सोच दर्शाने के लिए सरकारें सिर्फ गंगा सफाई की योजनाएं चलाने का आडंबर कर रही हैं जबकि वास्तविक रूप से गंगा को निर्मल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन में आये लोगों को गंगा को निर्मल बनाने के एकजुट होकर प्रयास करने के लिए कहा। स्वामी जी ने कहा कि सभी लोग केमिकल युक्त मूर्तियों के बजाय मिट्टी से बनी मूर्तियों का पूजन करें। स्वामी मुनीशाश्रम ने संस्कारों पर चर्चा की। कहा कि गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए सभी साथ मिलकर कार्य करें। कार्यक्रम संयोजक एवं मां गंगा प्रदूषण मुक्ति अभियान समिति भारत के राष्ट्रीय संयोजक पं रामजी त्रिपाठी ने कहा कि गंगा तभी निर्मल होंगी जब सभी एकजुट होकर कार्य करेंगे। सरकार नालों को बंद करेंगी। रामानुज मिश्र, शिवम त्रिपाठी, कार्तिकेय शुक्ला,आदित्य त्रिपाठी, राकेश, विनय शुक्ला, गौरव दीक्षित, मनीष अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
असहिष्णुता का माहौल नहीं
चौबेपुर: काशी सुमेरू पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि देश में असहिष्णुता का माहौल नहीं है। जो लोग भी असहिष्णुता पर बयान दे रहे हैं, वे देशभक्त नहीं हो सकते। संसद पर हुए हमले, सिखों के नरसंहार के समय आखिर लोगों को असहिष्णुता क्यों नहीं दिखी। जो लोग असहिष्णुता संबंधी बयान दे रहे हैं वे देश की छवि को खराब कर रहे हैं। साथ ही आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। ये बातें उन्होंने पत्रकारों से कही। कहा कि देश हित में गौ हत्या पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने शराब की बिक्री पर भी पूर्ण रूप से रोक लगाने की मांग की। बिहार सरकार द्वारा शराब बंदी पर प्रतिबंध लगाना देश हित में है।
गाय का पूजन कर मांगी समृद्धि : महोत्सव में आये लोगों ने गायों का पूजन किया। उन्हें हरी घास खिलाया और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।