आस्था से जुड़ा विषय है राम मंदिर, जरूर बनेगा
कानपुर, जागरण संवाददाता: राम मंदिर किसी केन्द्र या प्रदेश सरकार का विषय नहीं है। यह लोगों की आस्था स
कानपुर, जागरण संवाददाता: राम मंदिर किसी केन्द्र या प्रदेश सरकार का विषय नहीं है। यह लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। रामलला अयोध्या में थे तो उनका मंदिर भी वहीं पर बनेगा। केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री निरंजन ज्योति ने यह बात मंगलवार को बिठूर में पत्रकारों से कही।
केन्द्र की भाजपा सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के लिए महासंपर्क अभियान शुरू किया है। मंगलवार को कानपुर के ब्रह्मावर्त घाट से इस अभियान की शुरुआत साध्वी निरंजन ज्योति ने की। उन्होंने कहा राम मंदिर का निर्माण तो होकर रहेगा वह चाहे सदन में प्रस्ताव लाकर बने या न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद। मोदी के अच्छे दिनों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना आदि ने आम आदमी को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर लोग चाहे जो भी कहें लेकिन विश्व में देश का डंका बज रहा है और देश की विदेश नीति सुदृढ़ हो रही है। कई देशों के बड़े औद्योगिक घराने देश में निवेश करने की इच्छा जता रहे हैं। जगदीशपुर में फूड प्रोसेसिंग यूनिट के प्रस्ताव को निरस्त करने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा कि पार्टी बदलाव नहीं विकास की राजनीति करती है। बताया कि 2010 में यूनिट का प्रस्ताव तैयार हुआ था। चार साल कांग्रेस सरकार रही लेकिन तब उन्हें याद नहीं आई जैसे ही सरकार गई वैसे ही हमारे ऊपर आरोप मढ़ना शुरु कर दिया। मोदी के शासन को 'वन मैन शो' कहने वालों पर बोला कि परिवार की राजनीति कांग्रेस और भाई भतीजा वाद की राजनीति सपा करती है। भाजपा की सरकार में मंत्री तो दूर, हर कार्यकर्ता को अहमियत दी जाती है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था इतनी खराब है कि कोई भी यहां अपना उद्योग नहीं लगाना चाहता है। भाजपा को सांप्रदायिक बताने वाले आजम खां को केन्द्रीय मंत्री ने कहा यदि कोई सांप्रदायिक चोला पहनने का हकदार है तो वह एकमात्र आजम खां हैं।