मंदिर में पकड़ी गई चेन लुटेरी महिलाएं
कानपुर, जागरण संवाददाता: काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित काली देवी मठिया मंदिर में एक महि
कानपुर, जागरण संवाददाता: काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित काली देवी मठिया मंदिर में एक महिला ने जनताके सहयोग से चेन लूटने वाली दो महिलाओं को पकड़ लिया। उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी महिलाओं के पास से दो टुकड़ों में चेन भी बरामद हुई।
शास्त्री नगर निवासी संतोष शुक्ला की पत्नी ज्ञानू गुरुवार को काली मठिया मंदिर में पूजा करने गई थीं। वह दर्शन के लिए जिस समय लाइन में लगी थीं उसी समय ज्ञानू के ठीक पीछे लाइन में लगी महिला ने उनकी चेन तोड़ ली। ज्ञानू को एहसास हुआ तो उन्होंने महिला को पकड़कर हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि इस बीच महिला ने आधी चेन अपने साथ चल रही दूसरी महिला को दे दी। मंदिर में हंगामा होते देख वहां तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने दोनों को दबोच लिया। ज्ञानू शुक्ला के सामने ही पुलिस ने दोनों महिलाओं की तलाशी ली तो उनके पास से दो टुकड़ों में चेन बरामद हो गई। एसओ काकादेव शशिभूषण मिश्र ने बताया कि पकड़ी गई महिलाएं उन्नाव के विरोजिया क्षेत्र की सीमा और पूजा हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।