दो 'डी' गैंगों को तलाश रही एटीएस
कानपुर, जागरण संवाददाता : एंटी टेररिस्ट स्क्वायड की शहर इकाई 'डी' स्तर के दो चर्चित गिरोहों की तलाश कर रही है। इस गिरोह के चार्ट हाल ही में निकलवाए गए हैं। फजलगंज और कर्नलगंज के गैंग के सरगना व साथियों के बारे में तेजी से छानबीन हो रही है। आशंका है दोनों गैंग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं और हाल ही में कुछ नए लोग गिरोह से जुड़े हैं। इनके स्लीपिंग माड्यूल के तौर पर प्रयोग होने की भी चर्चा है।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक फजलगंज व कर्नलगंज के दो गिरोहों के बारे में रिकार्ड जुटाया जा रहा है। लूट, हत्या व अवैध वसूली जैसी दर्जनों वारदातों में लिप्त इस गिरोह का सरगना और सदस्य काफी समय से गायब हैं। कुछ लोगों के जेल में होने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों में पूरी तरह से जुड़े हैं। कई साल से शांत इन गिरोहों के फिर सक्रिय होने की सूचना मिली है। यह भी पता चला है कि गिरोह के सदस्य राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। सूत्रों ने बताया दोनों गैंग को एटीएस के अधिकारी खुद देख रहे हैं। उनके निर्देश पर बीते दिनों दोनों गिरोहों का गैंगचार्ट निकलवाया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य कहां हैं? कितने जेल में हैं और कितने पुलिस की पकड़ से दूर? गिरोह में हाल ही में शामिल नए सदस्यों के बारे में भी छानबीन की जा रही है। सूत्रों ने बताया शहर में 50 से अधिक जिलास्तरीय (डी लेवल) के गैंग सूचीबद्ध हैं, जिसमें फजलगंज और कर्नलगंज के दो गैंगों पर काम किया जा रहा है। फिलहाल गैंग का सरगना व सूचीबद्ध सदस्यों के बारे में न पुलिस को सटीक जानकारी है न ही एटीएस को।