गोविंदपुरी पुल चार पहिया वाहनों के लिए खुला
कानपुर, जागरण संवाददाता: गोविंदपुरी पुल सोमवार को चार पहिया वाहनों के लिए खोल दिया गया। लेकिन कुछ शर्ते लगा दी गयी हैं। चार पहिया वाहनों के लिए गोविंदपुरी पुल खोलने का कारण पुराने दादानगर पुल का एक तरफ का हिस्सा मरम्मत के लिए बंद किए जाना है, यह काम इसी हफ्ते होने की संभावना है।
एसपी ट्रैफिक एमआर सिंह टीम के साथ गोविंदपुरी पुल पहुंचे। इसके बाद चार पहिया वाहनों के लिए पुल का रास्ता खोल दिया गया। लेकिन चार पहिया वाहनों के लिए सुबह-शाम व्यस्त समय में पुल पर आवागमन में एक तरफ से रोक लगायी गयी है, जबकि दो पहिया वाहनों के लिए कोई रोक टोक नहीं है, प्रतिबंध के समय भी दो पहिया वाहन पुल पर चलते रहेंगे।
------------------
चार पहिया वाहनों पर आंशिक रोक
ø गोविंदनगर छोर से: सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चार पहिया वाहन गोविंदनगर की ओर से पुल पर नहीं आएंगे।
ø फजलगंज छोर से: सायं 5 बजे से रात 8 बजे तक फजलगंज की ओर से पुल पर चार पहिया वाहन नहीं आएंगे।
------------------
गड्ढे के कारण फंसे वाहन
गोविंदपुरी पुल के समानांतर निर्माणाधीन पुल के खंभे के पास काफी बड़ा गढ्डा हो गया है। नगर निगम ने इस गढ्डे को ठीक नहीं कराया है। इस कारण जब पुल का रास्ता चार पहिया वाहनों के लिए खोला गया तो वाहन सवारों को काफी दिक्कत हुई और जाम की नौबत आयी। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि नगर आयुक्त से की बार मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए वार्ता हो चुकी है, पर काम नहीं हुआ है।