श्रीप्रकाश का जोशी पर सीधा हमला
कानपुर, जागरण संवाददाता : बुधवार को केंद्रीय कोयला मंत्री व शहर संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार श्रीप्रकाश जायसवाल ने भाजपा नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी पर सीधा हमला बोला। कहा कि चमचों से अनर्गल आरोप न लगवाकर खुद बोले और जनता के सामने खुले मंच पर बहस कर लें। उनका इशारा मंगलवार को कोल ब्लाक आवंटन को लेकर लगाए गए आरोपों की तरफ था।
श्री जायसवाल ने कहा, डॉ. जोशी खुद नैतिकता का चोला ओढ़कर चमचों से अनर्गल आरोप लगवा रहे हैं। 34 कोल ब्लाक आवंटन की बात करने वाले यदि एक फीसद भी आरोप सिद्ध कर दें तो वह चुनाव मैदान से बाहर जो जाएंगे। बोले, इसका जवाब कानपुर की जनता देगी। ये श्रीप्रकाश नहीं यहां की जनता पर हमला है। खुद कुछ भी बोलने की हिम्मत नहीं है तो महाराष्ट्र से चमचे बुलाकर बेबुनियाद आरोप लगवा रहे है। उन्होंने कहा, जोशी की चुनावी जमीन दरक चुकी है। इसलिए अब आरोप-प्रत्यारोप पर उतर आए हैं। श्री जायसवाल ने बसपा के जिला उपाध्यक्ष वकील अहमद के कांग्रेस में शामिल होने की भी जानकारी दी।
अब 28 को राहुल गांधी आएंगे शहर
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब 24 के स्थान पर 28 अप्रैल को शहर आएंगे। उनकी जनसभा रेलबाजार मैदान पर दोपहर दो बजे से होगी। ये जानकारी श्रीप्रकाश जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया, इससे पहले 25 को सिने अभिनेता राजबब्बर की दो सभाएं होगी तो 26 को मेरठ की कांग्रेस प्रत्याशी व अभिनेत्री नगमा रोड शो करेंगी। वहीं, 27 अप्रैल को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जनार्दन द्विवेदी शहर में रहेंगे।