औरत की ताकत है 'कांची'
कानपुर, जागरण संवाददाता: फिल्म 'कांची' द अनब्रेकेबल की कहानी में कुछ टच दिल्ली के बहुचर्चित निर्भया कांड का भी दिखाई देगा। फिल्म की कहानी महिलाओं पर अत्याचार और भारतीय राजनीति में फैले हुए भ्रष्टाचार पर वार करती है। लोकसभा चुनाव के समय रिलीज होने जा रही इस फिल्म की कहानी से सुभाष घई को सफलता की काफी उम्मीदें हैं।
अभिनेत्री मिष्ठी फिल्म में कांची के किरदार में दिखाई देंगी। कांची जो कि गांव की एक सुंदरी है, वह अकेले ही भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ पूरे समाज से लड़ती है। फिल्म में एक औरत (कांची) की आंतरिक शक्तियों के बारे दिखाया गया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती एक भ्रष्ट नेता के रूप में दिखाई देंगे। फिल्म के केंद्र में दो युवा हैं जिनके इर्द गिर्द पूरी कहानी घूमती है। फिल्म की एक और खास बात यह है कि सुभाष घई की फिल्म में लंबे अरसे के बाद मशहूर फिल्म अभिनेता ऋषी कपूर भी नजर आएंगे।