सौर ऊर्जा से रोशन होगा लखनऊ एक्सप्रेस-वे
शिवा अवस्थी, कन्नौज आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे सौर ऊर्जा से रोशन होगा। यमुना एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर
शिवा अवस्थी, कन्नौज
आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे सौर ऊर्जा से रोशन होगा। यमुना एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर 24 स्थानों पर सोलर प्लांट के लिए स्थान तय किए गए हैं। कन्नौज में 66 किमी का एक्सप्रेस वे है, जिसमें दो स्थान तय किये गये हैं। मुख्यमंत्री से मंजूरी के बाद काम शुरू हो गया है।
कन्नौज में बिल्हौर के पास अरौल व तिर्वा रोड पर फगुहा भट्ठा के पास अप्रोच रोड के पास इसके लिए जगह छोड़ी गई है। इसी तरह एक्सप्रेस-वे के दायरे में आने वाले जिलों में भी प्लांट तैयार करने का खाका खींचा जा चुका है। अगले छह माह में इस पर जमीनी काम शुरू होने की उम्मीद है।
हर जिले में लगेंगे दो-दो प्लांट
लखनऊ, उन्नाव, मैनपुरी, इटावा, आगरा, हरदोई, आगरा जिलों में भी दो-दो प्लांट लगेंगे। इनसे एक्सप्रेस-वे के डिवाइडर पर दोनों तरफ के लिए रोशनी का इंतजाम होगा जबकि अप्रोच रोड से लेकर पुलों के नीचे का अंधेरा दूर किया जाएगा। कन्नौज के दोनों स्थानों के साथ उन्नाव के बांगरमऊ को इसके लिए चिह्नित किया गया है। सौर ऊर्जा प्लांट लगने की शुरुआत पहले इन्हीं तीन जगहों से होगी।
चीन व जर्मनी की तर्ज पर इंतजाम
सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे के मॉडल के साथ चीन व जापान की तर्ज पर इंतजाम करने की तैयारी है। एक्सप्रेस-वे के अप्रोच रोड पर चारों कोनों में त्रिभुजाकार जगह छोड़ी गई है। यह सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर है। जबकि इन पर सुबह से लेकर शाम तक सूरज की रोशनी रहेगी। इसके आसपास किसी तरह के पेड़ भी नहीं होंगे, क्योंकि अप्रोच रोड को बनाते समय इसका ख्याल रखा गया है।
नेडा या निजी कंपनी को जिम्मा
एक्सप्रेस-वे के 22 माह के ऐतिहासिक निर्माण में अलग-अलग छह कंपनियां लगाई गई थी। इसी तरह सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा विभाग (नेडा) के साथ सोलर इनर्जी के क्षेत्र में काम करने वाली देश की कुछ नामचीन कंपनियों को जिम्मा दिए जाने की तैयारी है।
होटल व टोल को भी बिजली
एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज सीमा के पास मकनपुर बिल्हौर, उन्नाव, मैनपुरी व इटावा, आगरा तक करीब छह आधुनिक होटल निर्मित किए जा रहे हैं। इसके साथ तीन से चार जगह पर अलग-अलग टोल प्लाजा बनेंगे। इनको भी बिजली सौर ऊर्जा के माध्यम से देने की तैयारी चल रही है।
----
अभी इसके लिए कंपनी नहीं खोजी जा सकी है। इस पर काम चल रहा है। 302 किमी के एक्सप्रेस-वे पर अलग सौर ऊर्जा प्लांट लगेंगे। चार से छह माह में योजना धरातल पर उतरेगी।
-प्रमोद कुमार, प्रशासनिक अधिकारी, एक्सप्रेस-वे निर्माण एजेंसी