अब फौरन हरकत में आएगी पुलिस
कन्नौज, जागरण संवाददाता : बढ़ते अपराधों पर फिक्रमंद सरकार ने डायल 100 सेवा को और प्रभावी बनाने का खा
कन्नौज, जागरण संवाददाता : बढ़ते अपराधों पर फिक्रमंद सरकार ने डायल 100 सेवा को और प्रभावी बनाने का खाका खींचा है। इससे पुलिस फौरन हरकत में आएगी। महज कुछ देर में घटनास्थल पर पहुंचने के साथ ही पीड़ित की मदद की रिपोर्ट भी कंट्रोल रूम को देगी। इससे पीड़ित को न्याय दिलाना पारदर्शी बन सकेगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश को अपराध मुक्त प्रदेश बनाने की मंशा रखते हैं। इसके लिए दिन प्रतिदिन नए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने के लिए 100 डायल को एंबुलेंस सेवा की तर्ज पर प्रभावी बनाया जा रहा है। लखनऊ से कंट्रोल होने वाली इस सेवा के बेड़े में गाड़ियां बढ़ाने के साथ त्वरित कार्रवाई का खाका तैयार किया गया है। पीड़ित के डायल 100 पर सूचना देते ही इसका पूरा ब्योरा लखनऊ कंट्रोल रूम पहुंचेगा। यहां से प्रत्येक कार्रवाई पर निगरानी रखी जाएगी। घटनास्थल के फोटो भी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने की हिदायत संबंधित पुलिसकर्मियों को दी गई है।
ऐसे काम करेगा एप
मोबाइल एप से अधिकारी, कर्मचारी से लेकर जिले के सभी थाने व चौकी जोड़े जाएंगे। 100 डायल करते ही लखनऊ के अफसर घटनास्थल की जानकारी घटनास्थल के नजदीक के पुलिस कर्मियों को देंगे। इससे अधिकतम 15 मिनट के अंदर पुलिस घटनास्थल पर होगी। इसमें डायल 100 गाड़ियों के साथ ही चीता मोबाइल, हाईवे मोबाइल, दंगा नियंत्रण मोबाइल व थाने की जीप को भी सीधे जोड़ा जाएगा।
जिला पुलिस ने मांगे 15 और वाहन
शासन से जिले के पुलिस महकमे को 100 डायल को प्रभावी बनाने के लिए 20 वाहन उपलब्ध कराएं गए थे। इसके बाद भी पुलिस को 15 छोटे वाहनों की और जरूरत है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इसके अलावा यहां प्वाइंट आफ इंट्रेस्ट चयनित किए जा रहे हैं। इन प्वाइंटों की मदद से पुलिस घटनास्थल तक जल्द पहुंच सकेगी।
अफसर बोले
100 डायल को प्रभावी बनाने के लिए सभी अफसरों, थानाध्यक्षों व चौकी प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इससे अपराधों के नियंत्रण में मजबूती मिलेगी। साथ ही पीड़ितों को कम समय में राहत दिलाई जा सकेगी। -दिनेश कुमार पी., पुलिस अधीक्षक कन्नौज।