टेंपो पलटने से एक की मौत, आठ घायल
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : रिश्तेदारी से वापस लौट रहे सवारी भरे टेंपो को दूसरे टेंपो चालक ने टक्कर मार
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : रिश्तेदारी से वापस लौट रहे सवारी भरे टेंपो को दूसरे टेंपो चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को 100 शैय्या लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घटना की हालत गंभीर है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम भुइयन नगला निवासी रामदास दिल्ली में परिवार के साथ रहकर काम करता है। वह करीब 10 दिन पहले अपने गांव आया था। वहां से आठ दिन पहले अपनी ससुराल ग्राम लालसहाय पुरवा जिला बरेली जाने की बात कही। इस पर उसके भाई रामकिशोर ने अपने भजीते सुरजीत को भाभी को बुलाने के लिए उनके साथ भेज दिया। वहीं दूसरा भाई भगवानदास भी घूमने को चला गया। वहां से मंगलवार रात को रामदास, भगवानदास, सुरजीत, प्रवीन, काजल, सत्यम, रीना, रघुराज सहित अन्य लोगों को लेकर वापस चल दिए। गुरसहायगंज से उन्होंने गांव पहुंचने को टेंपो किया। उस पर करीब 15 लोग सवार हो गए। चालक ग्राम विषमा के पास पहुंचा। उसी समय समाने से आ रहे टेंपो चालक ने लापरवाही में उनके टेंपो में टक्कर मार दी। इससे चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गया। इस हादसे के बाद रामदास समेत सभी लोग उसके नीचे दब गए। वहीं दूसरा चालक अपना टैंपो लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने सभी को बाहर निकाला और 100 शैय्या अस्पताल भिजवाया। वहां पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रामदास (35) पुत्र रूपलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सत्यम, अभिषेक, भगवानदास, संजू, सुरजीत, विनय, अभिषेक, विवेक सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर सत्यम (4) व अभिषेक (10) को तिर्वा रिफर कर दिया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया था। रामदास की पत्नी दिल्ली में रहकर नौकरी कर रही हैं। वह घर नहीं आई थी। रामदास के साथ उनके बच्चे प्रवीन, काजल व शिवानी आए थे।
एक ही गांव में तीन भाइयों की ससुराल
परिजनों ने बताया कि रामदास, रामकिशोर व भगवानदास की एक ही गांव में ससुराल है। जिसकी वजह से सभी लोग एक स्थान पर ही एकत्रित हो गए। वापस आते समय यह हादसा हो गया।