शिक्षक ने की छात्रा से छेड़छाड़, महिलाओं ने पीटा
गुरसहायगंज, संवादसूत्र : कक्षा छह की छात्रा से विद्यालय के सहायक अध्यापक ने अश्लील बाते करते हुए उसस
गुरसहायगंज, संवादसूत्र : कक्षा छह की छात्रा से विद्यालय के सहायक अध्यापक ने अश्लील बाते करते हुए उससे छेड़छाड़ की। शिकायत मिलते ही परिजनों व ग्रामीणों ने विद्यालय जाकर शिक्षक को बंधक बनाकर पीटा। कुछ ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव कर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। इस मामले में पीड़ित पिता की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ व पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बनियानी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गांव की ही 12 वर्षीय बालिका कक्षा छह की छात्रा है। शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे छुट्टी के समय विद्यालय के शिक्षक सियाराम ने छात्रा को अकेले कमरे में बुलाकर उससे अश्लील बातें करने के साथ ही उससे छेड़छाड़ की। बालिका शिक्षक के चंगुल से छूट कर घर पहुंची और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। तब तक स्कूल बंद हो चुका था। शनिवार सुबह विद्यालय खुलने के बाद लगभग दस बजे छात्रा का पिता अन्य ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंचा। भीड़ में शामिल महिलाओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे विद्यालय में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शिक्षक को बंधक बनाकर विद्यालय का घेराव कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पीछे से कोतवाली पहुंची ग्रामीणों की भीड़ ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पीड़ित बालिका के पिता की तहरीर पर सहायक अध्यापक सियाराम के खिलाफ छेड़खानी व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।