पुत्र ने प्रधान को मारपीट कर किया घायल
सिकंदरपुर, संवाद सूत्र : प्रधान का पुत्र अपनी मां के फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से पैसा निकाल लेता था।
सिकंदरपुर, संवाद सूत्र : प्रधान का पुत्र अपनी मां के फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से पैसा निकाल लेता था। जब प्रधान ने इसका विरोध किया तो पुत्र ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई है।
ग्राम पंचायत रौरी की रामलली पाल ने बताया कि वह गांव की प्रधान है। उनका पुत्र राजेंद्र सिंह उनके कार्य की देखरेख करता है। गांव में होने वाले विकास कार्यो की धनराशि का लेखा जोखा भी उसके ही पास रहता है। अभिलेखों का निरीक्षण करने के बाद वह खाते से पैसा निकलवाती थीं। कुछ दिनों से राजेंद्र सिंह उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर खाते से पैसा निकाल रहा है। जब इसकी जानकारी उन्हें हुई तो उन्होंने राजेंद्र से पूछताछ की जिससे वह बौखला गया और रामलली के साथ मारपीट की। राजेंद्र ने उन्हें धक्का दे दिया जिससे उनका सिर दीवाल से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने राजेंद्र सिंह के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एनसीआर दर्ज की है। जबकि प्रधान रामलली पाल ने मुख्य विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारी से राजेंद्र द्वारा किए जा रहे फर्जीबाड़े की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।