कन्नौज की विरासत को उजाला देने की कवायद
कन्नौज, जागरण संवाददाता : इत्र नगरी की बिखरी हुई ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित एवं संरक्षित करने का प्रयास डीएम ने खुद अपने स्तर शुरू कर दिया है। डीएम ने शहर में स्थित कई प्राचीन विरासतों का अवलोकन कर साफ सफाई के आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
डीएम राजेश कुमार ने सोमवार को शहर के कई ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। डीएम सुबह सबसे पहले लाखन तिराहे के पास स्थित मकदूम जहानियां मस्जिद का निरीक्षण किया। इसके बाद वह राजा जयचंद के किले का भ्रमण कर इसकी ऐतिहासिकता को परखा। जिलाधिकारी ने बलाबीर का मकबरा भी देखा और इसकी साफ सफाई के विशेष दिशा निर्देश दिए। डीएम ने विभिन्न प्राचीन स्थलों के अवलोकन के बाद संग्रहालय पहुंचे। यहां उन्होंने संग्रहालय में रखे प्राचीन मूर्तियां व अवशेषों का बारीकी से गहन निरीक्षण किया।
गौरतलब हो कि यह संग्रहालय एक वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो चुका है। संग्रहालय में रखे प्राचीन बर्तनों व मूर्तियों की सफाई का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संग्रहालय व अन्य प्राचीन स्थलों में साफ सफाई के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा डीएम ने शहर के सभी प्राचीन स्थानों के आस पास से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला सहित कई पुरातत्व विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।