संदिग्ध अवस्था में विवाहिता की मौत
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : संदिग्धावस्था में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने हत्या किए जाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है। वहीं ससुरालीजन बीमारी के चलते मौत होने की बात कह रहे हैं।
गुरुवार को ग्राम भैनपुरा निवासी रेनू पत्नी अमित की अचानक मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। ससुरालीजनों ने मामले की जानकारी मृतका के मायकेवालों को दी। जानकारी पाकर मायके वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रेनू की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने के चलते किए जाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया। वहीं मामले की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतका के पति अमित ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में हाथिन से हुई थी। उसकी पत्नी ने पहले बच्चे को जन्म दिया और उसके बाद से ही उसकी तबियत खराब हो गई। काफी उपचार के बाद ही हालत नहीं सुधरी और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता की। इसके बाद मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार भारतीय ने कहा कि मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वहीं ससुरालीजन बीमारी से मौत होने की बात कह रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई कराई जाएगी।