फांसी पर लटका मिला युवक का शव
छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : छत पर बने कमरे के बाहर रखे छप्पर में युवक का शव फांसी पर लटका हुआ मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस को सूचना दिये बिना ही परिजनों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बुधवार देर सायं ग्राम कमालपुर निवासी योगेश उर्फ पंकज पुत्र रामप्रकाश अपने घर पहुंचा। परिजनों के अनुसार इसके बाद वह छत पर बने कमरे में चला गया। उसकी पत्नी रूबी जब खाना देने छत पर गई, तो उसने योगेश को कमरे के बाहर रखे छप्पर की बल्ली से लटके हुए देखा। रूबी की चीखपुकार पर परिजन भी ऊपर पहुंच गए और योगेश को नीचे उतारा, लेकिन तब जक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दिये बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता रामप्रकाश शाक्य के अनुसार योगेश बुधवार सायं शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी शादी 6 माह पहले शमशेरगंज से हुई थी। घटना के कारणों के बारे में परिजन कोई जानकारी नहीं दे सके। मृतक नगर के एक कान्वेंट विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्य करता था।