पहली बार 40 किमी अकेले चलीं डिंपल
कन्नौज, जागरण संवाददाता : यूं तो सपा प्रत्याशी डिंपल यादव लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद कई बार जनपद भ्रमण पर आईं। तब हमेशा उनके साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव साथ में रहे। सोमवार को पहली बार ऐसा हुआ जब मुख्यमंत्री और डिंपल यादव जनपद में तो थे, लेकिन अलग-अलग। ऐसे में सपा प्रत्याशी श्रीमती यादव को पार्टी कार्यालय से गुरसहायगंज तक 40 किमी लंबा सफर अकेले ही तय करना पड़ा।
जिले में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने लोकसभा उपचुनाव 2012 में राजनीति की शुरुआत की थी। इस उपचुनाव से पहले व बाद में निर्विरोध सांसद निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ आईं। यहां कुछ समय जिले में बिताकर उनके साथ ही चली गई। तय कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार को सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को शहर व कई ग्रामीण क्षेत्रों में रोड शो करना था। उनके साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह का भी कार्यक्रम लग गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सभा सौरिख तो लोक निर्माण मंत्री शिवपाल ने सौरिख में जनसभा को संबोधित किया। वहीं श्रीमती यादव के रोड शो में मुख्यमंत्री के निजी सचिव गजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता दोहरे व पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव आदि चल रहे थे।
मालूम हो कि इससे पहले भी तीन अप्रैल को सपा प्रत्याशी डिंपल यादव कलेक्ट्रेट में पार्टी के मंत्रियों व पदाधिकारियों के साथ नामांकन कराने पहुंची थी। इस दौरान भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव केके इंटर कालेज के बोर्डिग मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वहीं लोकसभा उपचुनाव 2012 में मुख्यमंत्री ने ही डिंपल यादव का नामांकन करवाया था और निर्विरोध सांसद निर्वाचित होने पर दोनों लोग साथ में ही जिला निर्वाचन अधिकारी से प्रमाण पत्र लेने आए थे।