पुलिस की जिप्सी से दो युवक घायल
कन्नौज, जागरण संवाददाता : तेज रफ्तार अनियंत्रित पुलिस महकमें की जिप्सी ने सामने बाइक से जा रहे दो राज्यकर्मियों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दोनों राज्यकर्मी जिला मुख्यालय से चुनाव प्रशिक्षण लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
शनिवार सुबह सौरिख के चौधरी नगला निवासी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी बलवंत सिंह और संजय नगर निवासी पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात महेश चंद्र के साथ जिला मुख्यालय पर चुनाव का प्रशिक्षण लेने आए थे। दोपहर करीब 12 बजे यह दोनों बाइक से सौरिख लौट रहे थे। तिर्वा रोड पर जैसे ही सपा कार्यालय के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पुलिस की जीप ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और यह लोग उछल कर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान चालक जीप लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खबर लिखे जाने तक घटना का मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया था।