वित्तीय वर्ष गुजरा, नहीं हुआ गांवों का चयन
अमरोहा(ज्योतिबाफूलेनगर)। केंद्र सरकार की पंचायत युवा क्रीड़ा खेल अभियान 'पायका' योजना जिले में परवान नहीं चढ़ सकी। बजट के अभाव में पूर्व में चयनित गांवों में खेल मैदान का विकास ही नहीं हो पाया। नतीजतन बीते वित्तीय वर्ष में एक भी गांव का चयन इस योजनांतर्गत नहीं किया गया।
केंद्र सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर लाने को गांव-गांव खेल मैदान तैयार करना चाहती है। प्रत्येक गांव में खेल मैदान विकास के लिए उसने वर्ष 2008 में पंचायत युवा क्रीड़ा एवं खेल अभियान शुरू भी कर दिया है। केंद्र सरकार की मंशा थी कि वर्ष 2015-16 तक सभी गांवों में खेल मैदान तैयार कर लिए जाएंगे। केंद्र सरकार से समय से पैसा राज्य सरकार को भेजा जा रहा है मगर राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। तभी तो वर्ष 2008-09 में चयनित आधे गांवों में बजट के अभाव के चलते खेल मैदान का विकास नहीं हो पाया है। अब चौबीस गांवों में मनरेगा से खेल मैदानों का विकास कराया जाएगा। वर्ष 2009-10 के लिए भी 48 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया था। बजट के चलते इनमें अभी तक खेल मैदान विकास की कोई कवायद भी शुरू नहीं की गई है। इन हालात में वर्ष 2015-16 तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान का विकास होना आसान नहीं दिख रहा। योजना को शुरू हुए चार साल होने को हैं लेकिन अब तक सिर्फ वर्ष 2008-09 में चयनित चौबीस गांवों में ही खेल मैदान विकास का दावा युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। जबकि शेष चौबीस गांवों में मनरेगा के तहत खेल मैदान का विकास कराए जाने की योजना है। अब इसी ऊहापोह में विभाग ने वर्ष 2011-12 के लिए गांवों का चयन तो दूर वह बीते वित्तीय वर्ष 2010-11 के लिए भी गांवों चयन की हिम्मत नहीं जुटा पाया है।
अब मनरेगा से होगा गांवों में खेल मैदान का विकास : जिला युवा कल्याण अधिकारी महीपाल सिंह का कहना है कि बजट के अभाव में ही चयनित गांवों में खेल मैदान विकास में अड़चनें आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत अब गांवों में खेल के मैदान का विकास किया जाएगा। इसके लिए वर्ष 2008-09 में पायका योजनांतर्गत चयनित चौबीस गांवों को शामिल किया गया है। वहीं खेल मैदान विकास को मिलने वाली एक लाख की धनराशि से खिलाड़ियों की बेहतरी को खेल उपकरण मुहैया कराए जाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर