निरीक्षण पर जाने से पहले तस्करा डालना होगा
झाँसी : कृषि उत्पादन मण्डी परिषद के उपनिदेशक (प्रशासन) भगवान शरण ने सोमवार को सम्भाग के झाँसी-चित्रक
झाँसी : कृषि उत्पादन मण्डी परिषद के उपनिदेशक (प्रशासन) भगवान शरण ने सोमवार को सम्भाग के झाँसी-चित्रकूट मण्डल के सभी मण्डी सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सचिवों को मण्डी में किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये तथा मण्डी इंस्पेक्टरों को निरीक्षण पर जाने से पहले तस्करा डालने की हिदायत दी।
प्रदेश में निजाम बदलते ही सरकारी विभागों में कार्यशैली बदलने की होड़ मची हुई है, अधिकारी अपने कर्मचारियों को जनता की समस्याएं तत्काल निपटाने की हिदायत दे रहे हैं। मण्डी परिषद में सोमवार को उपनिदेशक ने भी कर्मचारियों को कार्यशैली बदलने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सभी अधिकारी, कर्मचारियों से कहा कि सुबह 10 बजे हर हालत में कार्यालय आ जायें और शाम को ही घर जायें। मण्डी निरीक्षक अपने आवास से ही सीधे अपने क्षेत्र में पहुँच जाते थे, समय मिलने पर कार्यालय आते थे। इस पर उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने कार्यालय आना होगा, हस्ताक्षर करने के बाद उन्हें लिखना होगा कि किस क्षेत्र में जा रहे हैं। इसके बाद वे क्षेत्र में निरीक्षण के लिए निकलेंगे। सचिवों ने कहा कि 1 अप्रैल से सरकारी गेहूँ क्रय केन्द्र शुरु हो रहे हैं, यहाँ उन्हें किसानों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। वे गल्ला मण्डी स्थित केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक्स काँटे, छन्ना, पंखा, नमी मापक यन्त्र की व्यवस्था करा दें। मण्डियों में साफ-सफाई के साथ ही पीने का पानी एवं शौचालय आदि की व्यवस्था ठीक करा दें। उन्होंने कहा कि मण्डी शुल्क लेने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है, सचिव निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की पूर्ति प्रत्येक दशा में समय से करायें, अन्यथा की स्थिति में उनके विरुद्ध कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
उत्कृष्ट कार्यो के लिए सिपाही सम्मानित
झाँसी : विभागीय कार्यो को पूरा करने के साथ ही समाज सेवा में अग्रणी रहने पर डीजीपी ने एक सिपाही को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय में सोशल मीडिया सेल में तैनात आरक्षी जितेन्द्र यादव के सराहनीय कार्यो के लिए पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान ने सोमवार को प्रमाण पत्र जितेन्द्र को सौंपा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गौरतलब है कि सिपाही जितेन्द्र यादव विभागीय कार्य करने के साथ ही 'उम्मीद रोशनी की' संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर गरीब बच्चों व लोगों की मदद कर रहे हैं।
छत से गिरने पर अधेड़ घायल
झाँसी : बीना (मप्र) के सुभाष नगर निवासी सीताराम पुत्र बाबूलाल रिश्तेदारी में हँसारी, ग्वालटोली आये हैं। आज सुबह वे पैर फिसलने से छत से गिर गये। गम्भीर रूप से घायल स्थिति में उन्हें मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया।
खदान में कूदी किशोरी को पुलिस ने बचाया
झाँसी : माँ की डाँट से नारा़ज होकर एक किशोरी पानी भरी खदान में कूद गयी। मौके पर पहुँची डायल 100 पुलिस ने किशोरी को बाहर निकाल कर अस्पताल भेज दिया।
प्रेमनगर के राजगढ़ निवासी अशोक अहिरवार की 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान को बीती शाम माँ ने डाँट दिया। इससे आक्रोशित होकर किशोरी क्रशर के पास स्थित खदान में कूद गयी। तभी कुछ लोगों की निगाह उस पर पड़ गयी। घटना स्थल पर भीड़ लग गयी। सूचना पाकर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किशोरी को रस्सियों से खदान में भरे पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल भेज दिया।