पाक के मोर्चे से मोदी पर हमला
झाँसी : सर्जिकल स्ट्राइक पर बयानों से बचती रही समाजवादी पार्टी ने आज पाकिस्तान की आड़ लेकर प्रधानमन्त
झाँसी : सर्जिकल स्ट्राइक पर बयानों से बचती रही समाजवादी पार्टी ने आज पाकिस्तान की आड़ लेकर प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी पर तीखे तंज कसे। मुलायम सिंह यादव के रक्षामन्त्री काल में पाकिस्तान को युद्ध के लिए ललकारने की घटना याद दिलाते हुए प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मोदी बोलते बहुत हैं, पर करते कुछ नहीं। हालाँकि उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक शब्द का उपयोग नहीं किया। तानों के तीर कांग्रेस, बसपा पर भी चलाए, तो सरकार बनने पर बुन्देलखण्ड की तस्वीर बदलने का भरोसा भी दिलाया।
झाँसी और महोबा जनपद की सीमा पर 328 करोड़ की लागत से बने लहचूरा बाँध परियोजना का लोकार्पण करने झाँसी आए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सिंचाई मन्त्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 'नेताजी' जब देश के रक्षामन्त्री थे, तब पड़ोसी देश की भारत की ओर देखने की हिम्मत नहीं होती थी। उन्होंने बॉर्डर पर एलान किया था कि अगर पाकिस्तान ने आँख उठाई, तो युद्ध दुश्मन की धरती पर होगा। मोदी ने यह काम भी पूरा नहीं किया। मोदी साम्प्रदायिक दंगा करा सकते हैं। चुनाव आने पर भाजपा को राम मन्दिर याद आ जाता है, जैसा अब आ गया है। शिवपाल ने कहा कि मोदी बोलते बहुत हैं, लेकिन करते नहीं, जबकि इनसे पहले वाले पीएम न बोलते थे और न कुछ करते थे। उन्होंने मोदी सरकार पर योजनाओं को धनराशि न देने का आरोप भी लगाया। बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए शिवपाल ने कहा कि सपा ने पिछले कार्यकाल में कई सिंचाई परियोजनाएं शुरू कीं, लेकिन बसपा ने धन नहीं दिया, जिससे परियोजनाएं अधर में लटक गई। बसपा 5 साल तक पत्थर और मूर्तियों में कमिशनखोरी करती रही। सिंचाई मन्त्री ने सपा सरकार द्वारा बुन्देलखण्ड में किए गए काम गिनाए, तो फिर सरकार बनने पर कई सौगात देने का भरोसा भी दिलाया।
सीएम की विकास यात्रा में संगठन साथ
मुख्यमन्त्री अखिलेश यादव द्वारा 3 नवम्बर से अकेले विकास यात्रा निकालने की घोषणा से फिर सुलगे चाचा-भतीजे के बीच विवाद की आग पर शिवपाल ने पानी डालने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा निकाली जा रही विकास यात्रा में पूरा संगठन साथ रहेगा। रजत जयन्ती समारोह में अखिलेश के शामिल न होने की बात को मीडिया की ख़्ाबर बताया। पार्टी में किसी तरह का विवाद नहीं है। हम सब एक हैं और मिलकर साम्प्रदायिक शक्तियों से मुकाबला कर पूरे बहुमत से पुन: सरकार बनाएंगे।