दोतरफा दास्ताँ ने उलझायी प्रेम कहानी
झाँसी : बेतवा नदी में कूदे विवाहित प्रेम-प्रेमिका के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रेमी का शव आज सुबह नदी से बाहर निकाल लिया गया। प्रेमिका जहाँ साथ मरने की बात कह रही है, वहीं मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
बेतवा नदी में कूदने वाली विवाहिता रानी को बीते रोज म़जदूरों ने डूबने से बचा लिया था। उसका विवाहित प्रेमी कमल सिंह चौहान डूब गया था, जिसका शव आज नदी से बरामद कर लिया गया। मरने की रट लगाने पर रानी को महिला पुलिस के हवाले कर दिया गया था। आज उसको प्रेमी की मौत की जानकारी हुई, तो वह कलप उठी। महिला थाने की सिपाहियों की मानें तो रानी ने उनको बताया कि कमल से उसका लम्बे समय से प्रेम चल रहा था। वह अक्सर उसके घर आया-जाया करता था। दोनों के सम्बन्धों को लेकर चर्चा होने लगी थी। इस चर्चा को खत्म करने के लिए दोनों ने साथ रहने या फिर मरने का ़फैसला ले लिया था। दोनों रविवार को घर से भाग गए थे। उनके साथ उसका लगभग 15 वर्षीय पुत्र व 4 माह की पुत्री थी। दोनों पहले दतिया गए। यहाँ से लौटते समय कमल चलती ट्रेन से कूद गया, तो वह भी बच्ची को गोद में लेकर कूद गयी। इससे दोनों घायल हो गए थे। इसके बाद दोनों ओरछा गए। यहाँ पर कमल ने जान देने की नीयत से ़जहरीला पदार्थ खा लिया, पर उपचार के बाद वह ठीक हो गया। रानी के अनुसार इसके बाद दोनों ने एक साथ मरने की ठानी और बेतवा नदी के नोटघाट पुल पर पहुँच गए। सामान के साथ बच्चों को एक परिचित की गाड़ी में बैठा कर घर भेज दिया और खुद अंजनी माता मन्दिर पर बैठकर बातें करने लगे। इसके बाद दोनों बेतवा नदी के पास गए और कूद गए। उसको वहाँ काम कर रहे म़जदूरों ने बचा लिया।
उधर, नदी से कमल सिंह का शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहाँ पर मृतक के भाई हुकुम सिंह चौहान ने कमल की मौत को हत्या करार देते हुए कहा कि उसके भाई की जेब से जो पर्स निकला, उस पर पन्नी लिपटी थी। आत्महत्या करने वाले को पर्स के सामान की फिक्र नहीं होती। उसके हाथ आगे की तरफ ऐंठे होने पर कहा कि ऐसा लगा रहा है कि पहले उसे पानी में धक्का दिया और उसने निकलने की कोशिश की, तो उसको दबा दिया गया, जिसकी वजह से उसके हाथ ऐंठ गए। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान न होने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कूदने पर कहीं न कहीं तो चोट के निशान होते। हुकुम सिंह ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका भाई जिस दिन गायब हुआ था, उस दिन प्रेमनगर पुलिस में शिकायत द़र्ज कराने गया था, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद वह थाने में रिपोर्ट द़र्ज कराने के लिए रानी के पति को साथ लेकर गया, फिर भी पुलिस ने रिपोर्ट द़र्ज नहीं की। मामले की जाँच कर रहे उप निरीक्षक ने बताया कि रानी का कहना था कि दोनों की बहुत बदनामी हो गई थी, इसलिए उन्होंने एक साथ मरने का ़फैसला कर लिया था। इसलिए दोनों घर से भाग गए थे। फिलहाल प्रेम कहानी दोतरफा दस्ताँ में उलझती ऩजर आ रही है। बरुआसागर पुलिस ने आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा रानी के विरुद्ध द़र्ज कर लिया है।
21 इरशाद-2
समय : 8.05 बजे