आईजी के तेवर पर पुलिस महकमा सक्रिय
जौनपुर: छेड़खानी के मामलों खासकर कयार गांव की घटना को लेकर आईजी जीएल मीणा के तल्ख तेवर अपनाए जाने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो उठा है। पुलिस ने शुक्रवार की रात दबिश देकर 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही छेड़खानी की घटनाओं के बाद जमुहाई के एक कालेज को जा रहीं कयार गांव की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने के बाद हुए संघर्ष की घटना जब आईजी के संज्ञान में आई तो उन्होंने गंभीर तेवर अपनाया। इसकी जांच व कार्रवाई के लिए जिला पुलिस प्रमुख को गंभीर निर्देश दिए।
आईजी के इस रवैए के बाद शुक्रवार को एसपी धर्मवीर व एएसपी सुरेश्वर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया तथा गांव वालों से अमनचैन बनाने पर बल दिया। साथ ही मातहतों को कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद कोबरा टीम कालेजों पर चक्रमण करने पहुंच गई। वहीं थानाध्यक्ष क्षत्रधारी सिंह ने रात में जमकर दबिश दिया। शांतिभंग की आशंका में 7 लोग गिरफ्तार किए गए। वहीं मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है। अभी भी गांव में पुलिस बल तैनात है।
अब इस मामले को लेकर पुलिस क्षण-प्रतिक्षण सतर्क देखी जा रही है और पुलिस अधिकारी लगातार प्रगति रिपोर्ट आईजी को दे रहे हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि गांव में अमनचैन कायम है। आवश्यक कार्रवाई तेज गति से चल रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर