अपहृत दुधमुंही बेटी का नहीं चला पता, आक्रोश
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर) : ग्राम अकबरपुर में मां संग सोई पांच माह की दुधमुंही बच्ची के गायब
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर) : ग्राम अकबरपुर में मां संग सोई पांच माह की दुधमुंही बच्ची के गायब होने के तीसरे दिन मंगलवार को भी पुलिस पता लगाने में नाकाम रही। इसे लेकर महिलाओं का आक्रोश भड़क उठा। इस मामले में अपहृत बच्ची की मां बबिता देवी दर्जनों ग्रामीण महिलाओं संग केराकत कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गई।
उसने आरोप लगाया कि पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। घुमंतू किस्म के पांच लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया जा चुका है। इन पर हम लोगों को संदेह है। इस मामले में पुलिस का कार्य संतोष जनक नहीं है। इसके बाद महिलाओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंच कर प्रदर्शन किया। उपजिलाधिकारी अयोध्या प्रसाद को पत्रक देकर महिलाओं ने गायब बच्ची का पता लगवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की।
प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में सुदामा देवी, तारा देवी, निशा देवी, अनीता, पूनम कुमारी, चम्पा देवी, मालती, ज्ञानता देवी, परमिला देवी आदि शामिल रहीं।
ज्ञात हो कि गत 22 अप्रैल की रात 11 बजे बबिता देवी अपनी दुधमुंही पांच माह की बच्ची सोनाक्षी के साथ मच्छरदानी में चारपाई पर सो गई थी। दो बजे जब उसकी नींद खुली तो बच्ची चारपाई से गायब थी और मच्छरदानी का कुछ भाग खुला था। परिजनों को आशंका है कि बच्ची का अपहरण किया गया है।