उपेक्षा का शिकार रोडवेज बस स्टेशन सुजानगंज
सुजानगंज (जौनपुर): सुजानगंज स्थित रोडवेज बस स्टेशन विभागीय उपेक्षा के चलते अपने दुर्दिन पर आंसू ब
सुजानगंज (जौनपुर): सुजानगंज स्थित रोडवेज बस स्टेशन विभागीय उपेक्षा के चलते अपने दुर्दिन पर आंसू बहाने को मजबूर है। परिणाम स्वरूप यात्रियों को भी काफी असुविधा हो रही है। एक समय था जब यहां से होकर दिल्ली, कानपुर, प्रतापगढ़ आदि स्थानों के लिए नियमित सेवाएं उपलब्ध थीं। आज वे सारी सुविधाएं वर्षों पूर्व से समाप्त कर दी गई हैं। इससे यात्रियों को काफी असुविधाएं झेलनी पड़ रही हैं।
मजे की बात तो यह है कि यहां से न तो तहसील मुख्यालय मछलीशहर और न ही जिला मुख्यालय जौनपुर के लिए भी कोई सीधी बस सेवा है। विभागीय उपेक्षा का अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि उक्त रोडवेज स्टेशन पर वर्षों से किसी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं हुई है। परिणाम स्वरूप स्टेशन लावारिस की हालत में पड़ा रहता है। यह बात अलग है कि उसका उपयोग लोग अपने ढंग से करने के लिए स्वतंत्र हैं। यही कारण है कि यहां का प्रतीक्षालय रिक्शा अड्डा बन गया है। मूत्रालय की स्थिति इतनी प्रदूषित है कि वहां कोई जाना नहीं चाहता है। यही नहीं रख-रखाव के अभाव में निर्मित भवन खंडहर होने के कगार पर खड़ा है। परिसर में प्राइवेट वाहनों का जमघट लगा रहता है।
रोडवेज की जो बसें चलती भी हैं वे रोडवेज परिसर में जाना आवश्यक नहीं समझतीं हैं। बाहर सड़क पर ही दुकान के सामने खड़ी होकर अपनी जिम्मेदारी का अंत समझ लेती हैं। विभाग की इस उदासीनता से जनमानस में क्षोभ है।