मां के साथ सो रहा नवजात गायब
चंदवक (जौनपुर): हिसामपुर गांव में मां के साथ सोया नवजात रहस्यमय हाल में गायब हो गया। यह घटना गुरुवार
चंदवक (जौनपुर): हिसामपुर गांव में मां के साथ सोया नवजात रहस्यमय हाल में गायब हो गया। यह घटना गुरुवार की रात में हुई। थोड़ी दूर पर खून के छींटे पाए जाने से मामला और पेंचीदा हो गया। डाग स्क्वायड के साथ पुलिस ने छानबीन की किंतु सुराग हाथ नहीं लग सका।
सुधीर उर्फ बब्बन सिंह की पत्नी आरती सिंह ने बीते शुक्रवार को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। इसमें एक लड़का और दूसरी लड़की थी। दोनों बच्चे रात में मां के पास सोए थे। रात में 12 बजे बिजली आने पर आरती की आंख खुली तो उसके होश उड़ गए। बच्चा वहां नहीं था। शोर मचाया तो परिवार वाले खोजबीन में लग गए। सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष शशि भूषण राय डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। जासूसी कुत्ते को मौके से छोड़ा गया तो थोड़ी दूर पर जाकर रुका, जहां खून के छींटे पाए गए। इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। शीघ्र ही मामला उजागर हो जाएगा।