व्यापारियों ने उपकेंद्र में जड़ा ताला, किया प्रदर्शन
जलालपुर (जौनपुर): बेतहाशा विद्युत कटौती को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को व्यापारियों ने विद्युत उपकेंद्र में ताला बंद कर प्रदर्शन किया। एसडीओ के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म हुआ।
कई दिनों से बिजली कटौती झेल रहे व्यापारी और नागरिकों का धैर्य जवाब दे गया। पूर्व निर्धारित चेतावनी के क्रम में व्यापार मंडल जलालपुर के अध्यक्ष पवन कुमार गुप्त के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शासन-प्रशासन व विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। व्यापारियों का कहना है कि विभाग वसूली और लोड बढ़ाने में सक्रियता दिखा रहा है लेकिन सुविधा की ओर ध्यान नहीं है। बेतहाशा हो रही कटौती से जहां व्यापार चौपट हो रहा है वहीं पेयजल व भीषण गर्मी में रात गुजारना मुश्किल हो गया है। लगभग तीन घंटे चले आंदोलन के बाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदू ने एसडीओ से फोन पर वार्ता किया। एसडीओ ने उच्चाधिकारियों से बात कर अपराह्न दो बजे से सायंकाल सात बजे तक बिजली दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलन स्थगित किया गया।
धरना सभा में त्रिलोचन व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुराग वर्मा, राजेश मिश्र, कमलेश यादव, अजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।