किसी का मकान तो किसी का ढहा बारजा
जौनपुर : नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। लाइन बाजार से जफराबाद रेलवे क्रासिंग के आगे तक अभियान चलाया गया। प्रशासन के साथ खुद लोगों ने अतिक्रमण ध्वस्त किया।
अभियान लाइन बाजार तिराहे से शुरू हुआ। सिटी मजिस्ट्रेट राम नरेश पाठक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ हाइवे को तीस फीट के हिसाब से चिंहित किया। इसके बाद जेसीबी मशीन ने सबसे पहले सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। कुछ लोगों के मकान तो कुछ के बारजा ढहा दिए गए। जिसे देख हड़कंप मच गया। हर कोई आनन-फानन में अपने हाथों अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कुछ जगह लोगों ने विरोध किया तो मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें नियंत्रित कर लिया।
अल्टीमेटम का दिखा असर
सिटी मजिस्ट्रेट रामनरेश पाठक द्वारा दिए गए अल्टीमेटम का जबरदस्त असर दिखा। मुकदमा दर्ज होने और सामान जब्त किए जाने का डर अतिक्रमणकारियों के चेहरे पर साफ देखने को मिला। लोगों ने बगैर अफसोस के अपने ही हाथों अपने दुकान, मकान और बारजा आदि को ढहा दिया।
बारिश से स्थिति हुई नारकीय
अतिक्रमण अभियान के कारण नालियां जाम हो गई। शाम को हुई तेज बारिश से स्थिति नारकीय हो गई। सड़कों पर पानी जम गया। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
.जब गिर पड़ा कर्मचारी
लाइन बाजार तिराहे से करीब सौ मीटर आगे बुलडोजर से अतिक्रमण ध्वस्त किए जा रहे थे। साथ ही नगर पालिका के कर्मचारी हथौडे़ के सहारे अतिक्रमण युद्ध स्तर पर ध्वस्त कर रहे थे। कोई दीवार तो कोई बारजे पर ही चढ़कर हथौड़ा चला रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी बारजे पर चढ़कर उसे हथौड़ा से तोड़ रहा था कि पटिया के साथ वह जमीन पर गिर पड़ा। जिससे अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। अभियान भी रुक गया। हालांकि संयोग अच्छा था कि उक्त कर्मचारी को हल्की चोट ही आई। जिसके बाद अभियान में शामिल अधिकारियों ने राहत की सांस ली।