शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
जौनपुर : सावन के तीसरे सोमवार को नगर समेत ग्रामीण अंचल के शिवालय हर-हर महादेव के नारे से गूंज उठे। दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। हजारों की संख्या में कांवरिये विभिन्न स्थानों से बाबा बैजनाथ धाम रवाना हुए।
सावन माह के तीसरे सोमवार को हुसैनाबाद देहात स्थित शिव मंदिर पर रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालु हाइडिल से शोभा यात्रा निकालकर नाचते-गाते नगर में भ्रमण करते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंचे। शाम को आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
त्रिलोचन महादेव के ऐतिहासिक शिव मंदिर में दर्शन-पूजन व जलाभिषेक करने वाले कांवरियों व शिव भक्तों का रेला दिनभर उमड़ा रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं दूसरी तरफ मंदिर के दक्षिण तरफ लोगों के कतारबद्ध होने के लिए पाइप की बनी रेलिंग पर सैकड़ों कांवरियों ने अपना कांवर रख दिया जिससे मंदिर की खूबसूरती में और चार चांद लग गया। मंदिर परिसर में सायंकाल से रात तक कांवरिया विश्राम करते हैं।
मछलीशहर क्षेत्र के दियावां नाथ, शोभनाथ, मेहरवां महादेव, बउरहू बाबा, पारसनाथ, शक्ति धाम समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालु भक्तों ने जलाभिषेक व दर्शन-पूजन किया। मंदिर के घंटों की आवाज तथा बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष दूर से ही सुनाई पड़ रहे थे। दियावां नाथ में लंबी कतार लगी रही।
बदलापुर क्षेत्र के शिवालयों में सोमवार को महिला पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जहां लोगों ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजन किया। कांवरियों के आने से मंदिरों में और भी चहल-पहल रही। क्षेत्र के प्राचीन गौरी शंकर धाम चंदापुर, दूधनाध मंदिर दुगौली, चौरेश्वर महादेव छंगापुर, कंवचल नाथ दाऊतपुर, बुढ़ऊ महादेव उदपुर गेह्लंवा में प्रात: से ही शिव भक्तों की भीड़ जमा रही। जहां कतारबद्ध होकर लोगों ने भगवान शिव का पूजन किया। लोगों ने अपने-अपने घरों में भी पार्थिव लिंग बनाकर रुद्राभिषेक कराया।
सिंगरामऊ स्थित शिव मंदिर बाबा गूदरनाथ धाम पर सोमवार को लगभग 150 कांवरियों ने जलाभिषेक किया। हर-हर माहदेव के नारे के साथ काशी से जल लेकर कांवरियों का एक जत्था रविवार की देर रात बाजार में प्रवेश किया जहां लोगों ने भंडारा करके उन्हें भोजन कराया। यह जत्था सोमवार की सुबह बाजार के पांचों शिवालयों पर जलाभिषेक किया।
गौराबादशाहपुर क्षेत्र के बंजारेपुर कस्बे में रविवार की देर शाम कांवरियों का जत्था बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। इससे पूर्व कांवरिये बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते भ्रमण किए। लोगो ने कांवरियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
मुस्लिम युवक ने किया जलाभिषेक
मड़ियाहूं (जौनपुर): हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल शीराजे हिंद की नगरी में सोमवार को मुस्लिम युवक मो.शहजाद ने कांवर के साथ दियावां महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। इससे पूर्व वह जंगीपुर रोड स्थित कांवरियां संघ के तत्वावधान में प्रयागराज इलाहाबाद से कांवर में जल लेकर समूह के साथ जयकारा लगाते हुए मंदिर परिसर पहुंचा।