मलंगा नाले पर बनाया अवैध पुल
जालौन, संवाद सहयोगी : दबंगों द्वारा की जा रही मिट्टी की अवैध खुदाई तथा व्यापार करने के कारण नगर के प
जालौन, संवाद सहयोगी : दबंगों द्वारा की जा रही मिट्टी की अवैध खुदाई तथा व्यापार करने के कारण नगर के प्राचीन धार्मिक स्थानों को खतरा उत्पन्न हो गया है। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है जिसके कारण मिट्टी का अवैध कारोबार लगातार चल रहा है। यहां तक की दबंगों ने मंगला नाला पर अवैध पुल तक बना लिए है।
जनपद में मिट्टी के अवैध कारोबार पर जिलाधिकारी ने रोक लगा दी थी और किसानों को एक निश्चित मात्रा में मिट्टी उठाने का अनुमति दी थी। जिलाधिकारी की रोक के बाद भी औरैया मार्ग पर हुल्की माता मंदिर के पास मिट्टी के कारोबारियों ने मलंगा नाले पर अवैध रूप से पुल बनाकर कई करोड़ की मिट्टी का कारोबार कर डाला है। 8-8 फुट से ज्यादा खुदाई करके अवैध रूप से निकाली गयी मिट्टी के कारण खेत तालाबों में तब्दील हो गये हैं। प्रशासन की जानकारी में लगातार कई महीनों तक मिट्टी का कारोबार होता रहा है। जिसका परिणाम यह है कि हुल्की माता मंदिर का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। इसके अलावा कई पेड़ों का गिरना सुनिश्चित है। पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मचारी भी इन कारोबारियों पर भी कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार का कहना है कि अगर स्थानीय अधिकारी नहीं सुनेंगे तो कार्यवाही होगी। जनता उन्हें सीधे जानकारी दे। राजस्व चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।