कुकरगांव में बनने लगा अस्थाई पुल
उरई, जागरण संवाददाता : कुकरगांव का पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद आवागमन को सुगम बनाने के लिए नदी पर
उरई, जागरण संवाददाता : कुकरगांव का पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद आवागमन को सुगम बनाने के लिए नदी पर अस्थाई पुल के निर्माण की कवायद शुरू कर दी गयी है। एक सप्ताह में यह काम पूरा होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग इसमें तेजी से जुटा है।
गौरतलब है कि दो माह पहले कुकरगांव का पुल क्षति ग्रस्त हो गया था। जिसके बाद दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुल से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। इससे जालौन, औरैया, इटावा, दिल्ली को जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। भारी वाहन कोंच रोड़ से होकर जालौन तक पहुंचते हैं। इससे लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी राम गणेश ने लोक निर्माण विभाग को अस्थाई पुल बनाने के निर्देश दिये ताकि समस्या का कुछ हद तक समाधान हो सके। डीएम के आदेश पर अधिशाषी अभियंता बीबी अग्रवाल ने अस्थाई पुल के निर्माण का कार्य शुरु करा दिया है। अस्थाई पुल को बनाने में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्री विभाग इकंट्ठी कर रहा है। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि अस्थाई पुल लगभग एक सप्ताह में बनकर तैयार हो जायेगा। पुल बन जाने के बाद आवागमन की समस्या काफी हद तक सुलझ जायेगी।