एमपी बार्डर सीज, सीमा पर विशेष सतर्कता
उरई, जागरण संवाददाता : मध्यप्रदेश में गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, लिहाजा बुधवार को मध्यप्रदेश जाने वाले रास्तों पर सतर्कता बढ़ा दी गई। मध्यप्रदेश से सटे गांवों में शराब के ठेका बंद करा दिए गए हैं। डीएम तथा एसपी ने मध्यप्रदेश जाने वालों मार्गो पर बने चेकपोस्टों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मध्यप्रदेश के मिहौना थाना क्षेत्र का भी भ्रमण किया।
मध्यप्रदेश में गुरुवार को मतदान होना है, इसलिए बुधवार को अंतर प्रांतीय सीमा सील कर दी गई। चेकिंग मुस्तैदी से हो रही है कि नहीं इसका पता लगाने के लिए जिलाधिकारी रामगणेश व पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। सबसे पहले बंगरा में लगे बैरियर को देखा गया। खासतौर से मध्यप्रदेश से आने जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसके बाद गोपालपुरा बैरियर को चेक किया गया। हालांकि चेकिंग में पुलिस कर्मी ड्यूटी पर मिले। प्रदेश की सीमा से सटे जनपद जालौन के गांवों में आज शराब की दुकानें बंद करा दी गईं थीं। गोपालपुरा चेक पोस्ट को चेक करने के बाद डीएम व एसपी मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के अंतर्गत आने वाले मिहौना थाना का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां के पुलिस अधिकारियों को भरोसा दिया गया कि स्टेट सीमा पर अराजकतत्वों पर नजर रहेगी।