तैरती रहीं देवेंद्र अग्रवाल के कोर्ट में समर्पण की चर्चाएं
जागरण संवाददाता, हाथरस : पूर्वमंत्री के बेटे पर हुए हमले व बसपा समर्थक पुष्पेन्द्र शर्मा की हत्या
जागरण संवाददाता, हाथरस : पूर्वमंत्री के बेटे पर हुए हमले व बसपा समर्थक पुष्पेन्द्र शर्मा की हत्या के मामले में नामजद पूर्व सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल की ओर से शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण किए जाने चर्चा एक बार फिर तैरती रही लेकिन उन्होंने शुक्रवार को भी आत्मसमर्पण नहीं किया। इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर सक्रिय हुई पुलिस ने उनके आवास पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया है। गिरफ्तारी के लिए जाल बुना जा रहा है। इधर, पूर्व विधायक अरे¨स्टग स्टे के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा चुके हैं। शुक्रवार को इस मामले में पूर्वमंत्री रामवीर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की है।
विधान सभा चुनाव से पूर्व आठ फरवरी को मानिकपुर में पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिरागवीर उपाध्याय पर हमला हुआ था। इस दौरान बसपा समर्थित पुष्पेन्द्र शर्मा की गोली लगने से मौत हुई थी। मामले की रिपोर्ट सपा के पूर्व विधायक देवेन्द्र अग्रवाल, उनके भाई राकेश अग्रवाल, बेटे चंदन, भतीजे अतुल समेत अन्य के खिलाफ दर्ज हुई थी। इस मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की विवेचना इगलास पुलिस कर रही है। पुलिस ने हाथरस के अलावा, आगरा मथुरा तक में दबिश दी है लेकिन सफलता नहीं सकी है। देवेंद्र समेत 11 लोगों के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। हत्या के मामले में नामजद पूर्व सपा विधायक की गिरफ्तारी व बेटे चिरागवीर उपाध्याय की सुरक्षा के लिए रामवीर उपाध्याय ने सीएम आदित्यनाथ योगी से मुलाकात कर उन्हें पूरी जानकारी दी है।