कुएं में गिरने से युवती की मौत
संवाद सहयोगी, हाथरस : कुएं में युवती के गिरने की खबर से मोहल्ला श्रीनगर में खलबली मच गई। कुएं पर
संवाद सहयोगी, हाथरस : कुएं में युवती के गिरने की खबर से मोहल्ला श्रीनगर में खलबली मच गई। कुएं पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। युवती सुबह से लापता थी। पुलिस की मदद से शव बाहर निकाला गया। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया, जिसके कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ।
मोहल्ला श्रीनगर निवासी प्रेम प्रकाश शर्मा कीर्तन करते हैं। उनकी छोटी बेटी प्रतिभा (28) सोमवार की सुबह सात बजे से लापता थी। परिजन सुबह उठे तो वह घर नहीं मिली। उन्हें लगा कि वह मंदिर गई होगी। समय से प्रतिभा के न लौटने पर परिजनों को ¨चता हुई। उन्होंने बेटी की तलाश शुरू की, लेकिन वह आसपास कहीं नहीं मिली। दोपहर तक परिजन आस-पड़ोस व रिश्तेदारी में प्रतिभा को तलाशते रहे। उसका कुछ पता नहीं चला। परिवार के ही लोगों ने घर के नजदीक कुएं पर प्रतिभा की चप्पल देखी तो अंदर झांक कर देखा। उनके होश उड़ गए। कुएं पर चीख-पुकार मच गई। प्रतिभा कुएं में पड़ी थी। मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर हाथरस गेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। प्रतिभा की मौत हो चुकी थी। मौत की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। पड़ोसियों के अनुसार प्रतिभा की शादी तय हो चुकी थी। फरवरी में उसकी शादी थी।
एसएचओ रजनेश तिवारी ने बताया कि युवती पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी तथा उसका उपचार भी चल रहा था। परिजनों के कार्रवाई से इन्कार करने पर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।