छह महीने बाद घर लौटा किशोर
संवाद सहयोगी, हाथरस : छह महीने से लापता किशोर शनिवार को अपने घर पहुंच गया। पुलिस ने मुजफ्फरनगर से उस
संवाद सहयोगी, हाथरस : छह महीने से लापता किशोर शनिवार को अपने घर पहुंच गया। पुलिस ने मुजफ्फरनगर से उसे बरामद किया। किशोर ननिहाल से लापता हो गया था। पुलिस उसकी तलाश भी बंद कर चुकी थी, लेकिन अचानक पिता पर आए किशोर के फोन ने उम्मीद की किरण जगाई। शुक्रवार रात पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
भगवान ¨सह निवासी मुमरेजा, इगलास का बेटा सत्यपाल उर्फ भोला (16) 5 मार्च से लापता था। 7 फरवरी को भोला नाई का नगला नई बस्ती में अपनी नानी के घर आया था। पांच मार्च को वह घर वापस जाने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने तलाश भी की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। दो दिन पहले किशोर ने पिता को फोन किया था तथा बताया था कि वह मेरठ से बोल रहा है। उसने बिना पता बताए फोन काट दिया था। इस फोन के जरिए पुलिस किशोर तक पहुंच गई। शुक्रवार देर रात उसे मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर क्षेत्र से बरामद किया। वह गांव नावला में मिला। किशोर ने बताया कि वह अपनी मरजी से दिल्ली चला गया था। वहां नौकरी की। इसके बाद मालिक ने उसे पानीपत भेज दिया। वहां डेयरी पर काम किया। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर आ गया। घर वालों से बात करने का मन किया तो उसने फोन कर दिया था। वह वापस नहीं आना चाहता था। बरामदगी के बाद पुलिस ने औपचारिकताएं पूर्ण कर उसे पिता के सुपुर्द कर दिया।