महिला ने पेट्रोल लेकर दी आत्मदाह की धमकी
संवाद सहयोगी, हाथरस : लहरा रोड पर पति के बहनोई के घर पहुंची महिला ने जमकर हंगामा काटा। महिला ने घर म
संवाद सहयोगी, हाथरस : लहरा रोड पर पति के बहनोई के घर पहुंची महिला ने जमकर हंगामा काटा। महिला ने घर में हिस्से के लिए पति की धुनाई कर दी। यही नहीं पैट्रोल दिखाकर मरने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन बाद में मामला रफा-दफा कर दिया गया।
कृषि उत्पादन मंडी सिमिति में तैनात एक कर्मचारी की पत्नी ने उसे जमकर पीटा। बताते हैं कि इस कर्मचारी ने दो शादी की है। पहली पत्नी मायके में मथुरा ही रहती है तथा दूसरी पत्नी इगलास स्थित उसके गांव में। कर्मचारी अलीगढ़ रोड पर किराए के मकान में रहता है। इस कर्मचारी का बहनोई पुलिस में है तथा उनकी बाहर तैनाती है। लहरा रोड स्थित बहनोई का घर सरकार विभाग के अधिकारी को किराए पर दे रखा है। कर्मचारी की दूसरी पत्नी शहर में रहने के लिए इस घर में हिस्सा चाहती है। बताते हैं कि वह चार-पांच दिनों से जबरन घर में आ गई तथा बरामदे में ही बिस्तर डाल लिया है। सोमवार की सुबह वह गांव से लहरा रोड स्थित इस घर पर आ गई। महिला का भाई भी उसके साथ था। उसने अपने पति व बहनोई को घर पर बुलाया। बहनोई से घर में हिस्सा देने के लिए कहा। बहनोई ने मना कर दिया। पति भी बहनोई के पक्ष में था। इस पर महिला ने पति से मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं महिला ने पहले से पैट्रोल मंगा रखा था। उसने पेटोल डालकर आत्मदाह करने व उसकी मौत के आरोप में सभी को फंसाने की धमकी दी। महिला के पति व उसके बहनोई के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही मामला शांत हो गया, लेकिन महिला घर से नहीं निकली।
लहरा रोड पर घटना को लेकर काफी हंगामा हुआ। इधर महिला के कारण सरकारी विभाग के अधिकारी भी परेशान हैं। उन्होंने महिला को वहां से निकालने की बात की। पति व बहनोई कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे, लेकिन बिना लिखित शिकायत किए ही वापस लौट गए।