चोरों का बोलबाला
संवाद सहयोगी, हाथरस : इगलास अड्डा स्थित हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री से बुधवार देर रात लाखों का माल पार
संवाद सहयोगी, हाथरस : इगलास अड्डा स्थित हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री से बुधवार देर रात लाखों का माल पार हो गया। चोरों ने रमनपुर स्थित बंद घर में भी घटना को अंजाम दिया। दोनों घटनाएं कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में हुई हैं।
माधव विहार कालोनी इगलास रोड निवासी अशोक वर्मा पुत्र श्यामसुंदर वर्मा की इगलास अड्डा पर हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री है। बुधवार की देर रात चोरों न उनकी फैक्ट्री को निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़ चोर सीसा, कॉपर, शीट, रोल व तैयार माल चोरी कर ले गए। गुरुवार की सुबह अशोक फैक्ट्री पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। फैक्ट्री का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अशोक ने चोरी हुए माल का आकलन किया। उनके अनुसार चोर लगभग दो लाख रुपये कीमत का माल ले गए। अशोक ने कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर दी है।
दूसरी चोरी मोहल्ला रमनपुर में हुई। मधु अग्रवाल निवासी ड्राइवर वाली गली चामुंडा मंदिर रमनपुर के घर पर रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। 30 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी है। घर में चल रहे काम के कारण वे बागला मार्ग पर किराए पर रह रही हैं। बुधवार को रमनपुर स्थित घर में काम कराने के बाद वे शाम को किराए वाले घर पर आ गई थीं। गुरुवार की सुबह उन्हें जानकारी मिली कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। मधु अग्रवाल तत्काल रमनपुर पहुंची। घर का दरवाजा खुला हुआ था तथा अंदर भी सारा सामान बिखरा हुआ था। मधु के अनुसार उन्होंने बेटी की शादी के लिए बर्तन, कपड़े आदि सामान एकत्रित किया था। चोर सारा सामान चुरा कर ले गए। मधु ने घटना की तहरीर हाथरस गेट में दी है।