अवैध शराब को रोकने में हाथरस फिसड्डी
संवाद सहयोगी, हाथरस : अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए चले अभियान में जिला पुलिस का प्रदर्शन फिस
संवाद सहयोगी, हाथरस : अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए चले अभियान में जिला पुलिस का प्रदर्शन फिसड्डी रहा। तीन दिन के अभियान में जिले में केवल तीन मुकदमे दर्ज हुए, जबकि पड़ोसी जिला एटा अभियान में शीर्ष पर रहा।
जनपद में अवैध शराब का कारोबार चरम पर है। बाहरी प्रांतों से शराब लाकर देहात क्षेत्रों में खपाई जा रही है। यही नहीं मिलावटी शराब भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। होली पर इस कारोबार पर नकेल कसने के लिए डीजी के आदेश पर 1 मार्च से तीन दिवसीय अभियान चलाया गया। इस अभियान में हाथरस जिला पूरे आगरा जोन में नीचे से दूसरे पायदान पर रहा। एक से तीन मार्च तक जिले में केवल तीन मुकदमे ही दर्ज हो सके तथा अवैध शराब में तीन गिरफ्तारी हुईं। इस दौरान पुलिस ने केवल 49 लीटर अवैध शराब बरामद की। जिले से बुरी स्थिति मैनपुरी की रही। यहां दो मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन अवैध शराब की बरामदगी हाथरस से अधिक हुई। आगरा जोन में एटा जिले की पुलिस कार्रवाई में आगे रही। एटा पुलिस ने आगरा, मथुरा व अलीगढ़ को पछाड़ते हुए 40 मुकदमे दर्ज किए तथा 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। एटा में 741 लीटर शराब बरामद की गई।
अलीगढ़ में 4 मुकदमे दर्ज हुए तथा छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। यहां तीन दिन में 568 लीटर शराब बरामद की गई। पूरे अलीगढ़ परिक्षेत्र में 1,753 लीटर शराब बरामद हुई। आगरा में सबसे अधिक 5,315 लीटर शराब बरामद की गई।