रंग फैक्ट्री में गैस सिलेंडर फटा कई झुलसे
हाथरस : सासनी के गांव बरसै में एक फैक्ट्री में रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से एक किशोर सहित कई लोग
हाथरस : सासनी के गांव बरसै में एक फैक्ट्री में रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से एक किशोर सहित कई लोग घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।
गांव बरसै के एक खाली पडे़ मकान में होली त्योहार के लिए बोतलों में रंग भरकर स्प्रे की फैक्ट्री चला रही है। जिसमें स्प्रे रंग के डिब्बे (बोतलें)तैयार किए जा रहे थे। बुधवार को इस मकान में लगभग आधा दर्जन लोग स्प्रे रंग भरने का कार्य कर रहे थे, जिसमें अमोनिया गैस के साथ रसोई गैस का भी प्रयोग किया जा रहा था। स्प्रे रंग की डिब्बी तैयार करते वक्त रसोई गैस सिलेंडर का पाईप निकल गया और धमाके के साथ सिलेंडर में आग लग गई, आग के प्रेशर से रंग की बोतलें इधर-उधर उछल गई और काम कर रहे सभी लोग चुटैल हो गये और झुलस गए। जिसमें सुमित उर्फ सत्ते निवासी बरसै, (40) तथा ग्यारह वर्षीय प्रेमपाल बुरी तरह जख्मी हो गये। शेष लोग मामूली रुप से घायल हो गये। आग की लपटों को देखकर और धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गये। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाए जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामूली रुप से घायल लोंगों ने अपना उपचार गांव में ही करा लिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। मगर इस बीच मकान स्वामी मकान पर ताला लगाकर भाग गया। मौके पर लोगों का जमघट लगा रहा। बाद में भीड़ को वहां से हटाया गया। तब कहीं जाकर भीड़ हट सकी।