घटतौली पर हंगामा-प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, हाथरस : आलू जोन में किसानों के साथ धोखा हो रहा है। खाद के नाम पर कीमत तो पूरी ली
जागरण संवाददाता, हाथरस : आलू जोन में किसानों के साथ धोखा हो रहा है। खाद के नाम पर कीमत तो पूरी ली जा रही है मगर खाद कम दी जा रही है। इसे लेकर किसान भड़क गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए हंगामा काटा। सूचना पर सपा नेता भी आ गए। उनके हस्तक्षेप से उन्हें खाद पूरा मिल सकी।
पश्चिमी यूपी का हाथरस जनपद आलू जोन में आता है। इस समय आलू की बोआई का काम चल रहा है। किसानों को इस समय खाद की जरूरत पड़ रही है और किसानों के साथ खाद के नाम पर धोखा हो रहा है।
हसायन प्रतिनिधि के अनुसार गड़ौला रोड पर डीएपी की डिपो है। जहां से आलू किसानों को फसल के लिए खाद का वितरण किया जा रहा है। आरोप है कि आलू किसानों से कीमत तो पुरी ली जा रही है मगर खाद के बोरों में चार से पांच किलो खाद कम थी। कम खाद की जानकारी होने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही हंगामा करते हुए कहा कि खाद कम क्यों दी जा रही है। उन्होंने केन्द्र को भी घेर लिया। उनका कहना है कि इस प्रकार का धोखा देने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि फिर से किसी के साथ धोखाधड़ी न हो सके।
इधर, जानकारी मिलते ही सपा नेता तेजवीर सिंह सिसौदिया भी मौके पर आ गए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। साथ ही उन्होंने समस्या का निदान कराते हुए पूरे वजन के बोरों का उठान कराया। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका।