जय सर्वगते देवि कालरात्रि नमोस्तुते
जागरण संवाददाता, हाथरस : बुधवार को नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की विधिवत पूजा की गई। सुबह
जागरण संवाददाता, हाथरस : बुधवार को नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की विधिवत पूजा की गई। सुबह देवी मंदिरों पर जलाभिषेक करने वाले भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शाम को सारे मंदिर बिजली की सजावट से जगमगा उठे। शक्ति पीठों पर महाआरती का भी आयोजन किया गया। काली मंदिरों पर भी भीड़ लगी रही। रमनपुर में यज्ञ चलता रहा।
नवरात्र के तहत बुधवार की सुबह से ही घर-घर में देवी के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा की गई। पथवारी मंदिर और बौहरे वाली देवी मंदिर पर भक्तों की कतार नजर आई। देवी के भक्त जयकारे लगाते हुए माता के चरणों में शीश नवाते नजर आए।
देवी भजनों का भी क्रम चलता रहा। देवी प्रतिमाओं को भी भव्यता के साथ सजाया और संवारा गया है। सुबह से शाम तक घंटे-घड़ियालों की गूंज रही। बौहरे वाली देवी, रमनपुर और चामड़ गेट स्थित चामुंडा देवी मंदिर आदि पर महाआरती का आयोजन किया गया।
बराई मेले में जुटे भक्त
हाथरस : बुधवार को शरदीय नवरात्र के सप्तमी पर मुरसान गेट स्थित काली मंदिर पर बराई मेले का आयोजन किया गया। महिलाओं ने देवी दर्शन करते हुए बच्चों की सलामती की प्रार्थना की। बराई मेले के तहत शहर के मशानी देवी व चामुंडा देवी पर भी भीड़ लगी रही।
मुरसान गेट पर बौहरे देवी मंदिर के निकट स्थित भद्रकाली मंदिर पर बराई मेले का आयोजन किया गया, जहां पर शहर ही नहीं, देहात से भी महिलाओं की भीड़ बच्चों के साथ उमड़ती नजर आई। महिलाओं ने बच्चों के संग काली के दर्शन किए। महिलाओं ने जहां बच्चों पर मुर्गा छुड़वाया, वहीं मुसन से पानी भी डलवाते हुए दान भी किया। इसके अलावा तालाब चौराहा स्थित मशानी देवी मंदिर, रमनपुर और चामड़ गेट स्थित चामुंडा देवी मंदिर पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। उमड़ती भीड़ के कारण यहां पर सुरक्षा के भी व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। महिला पुलिस की अलग से व्यवस्था की गई थी।