चोरी करते पकड़ी गईं दो महिलाएं
संवाद सहयोगी, हाथरस : रूई की मंडी स्थित सुनार की दुकान पर शातिर महिलाओं ने पाजेब पार कर ली। दुकानदार ने दौड़कर दो महिलाओं को पकड़ लिया, जिनसे एक पाजेब बरामद हो गई। स्थानीय महिलाओं ने दोनों शातिर महिलाओं के थप्पड़ भी जड़ दिए। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
सोनू वर्मा पुत्र राजकुमार वर्मा निवासी रूई की मंडी की आरके ज्वैलर्स के नाम से घर के नीचे ही दुकान है। गुरुवार को चार महिलाएं सोनू की दुकान पर पहुंचीं। महिलाओं ने पाजेब दिखाने के लिए कहा। दुकानदार ने दस पाजेब दिखाई। महिलाएं काफी देर तक पाजेब का भाव तोल करती रहीं। पाजेब पसंद न आने पर दो महिलाएं चली गई। थोड़ी देर बाद दोनों महिलाओं ने भी पाजेब खरीदने से इंकार कर दिया और पाजेब लौटा कर चल दीं। सोनू ने गौर किया तो पता चला कि महिलाओं ने दस में से सात पाजेब ही वापस की हैं। सोनू ने शोर मचाया और दौड़ कर दो महिलाओं को पकड़ लिया। आस-पास के लोग भी एकत्रित हो गए। तलाशी में एक महिला पर एक पाजेब निकल आई। वहां मौजूद महिलाओं ने दोनों की धुनाई कर दी। शेष दो पाजेब के बारे में पूछा तो उन्होंने कुछ बताने से इंकार दिया। सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों महिलाओं को कोतवाली ले आई। यहां पूछताछ में दोनों ने अपने नाम गुल्ली बाई व प्रेम निवासी कोटा (राजस्थान) बताया। दोनों महिलाएं भाषा बदल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रही थीं। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
----