आवास विकास कालोनी में शिवलिंग टूटने से आक्रोश
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर की फिजा में अराजक तत्वों ने फिर से पलीता लगाने का प्रयास किया। आवास विकास कालोनी में शिवलिंग तोड़ दिया। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने शीघ्र ही इसे ठीक कराने व फिजा बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सावन का महीना शिव जी की पूजा और आराधना के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। शिवालयों पर लोगों का जमघट लगा रहता है। इसी बीच आवास विकास कालोनी में स्थित शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग को अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। इसकी जानकारी बुधवार को सुबह उस समय हुई जब लोग दर्शन के लिए पहुंचे। इससे क्षेत्र में उत्तेजना भरा माहौल बन गया। एकत्रित लोगों ने कहा कि शीघ्र ही इस मामले का खुलासा करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शहर की शांति फिजा को पलीता न लग सके। लोगों ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी थी। बता दें कि इससे पूर्व सादाबाद में भी जाहरवीर की प्रतिमा तोड़ दिए जाने पर बवाल हुआ था। पुलिस प्रशासन को इस ओर सचेत होने की आवश्यकता है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।