टहलने गई देवरानी व जेठानी से चेन लूटी
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर में चेन स्नेचिंग करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार की सुबह टहलने के लिए निकलीं देवरानी-जेठानी पर बदमाशों ने तमंचा तान दिया और सोने की जंजीर झपट ले गए। शोर मचाने पर लोगों ने पीछा किया, लेकिन शातिरों ने तमंचा तान दिया।
व्यापार मंडल के पूर्व शहर अध्यक्ष व पत्रकार राजेश सिंघल के बडे़ भाई कन्हैयालाल अग्रवाल की पत्नी सीमा देवी निवासी नयागंज सब्जी मंडी अपनी जेठानी नीलम पत्नी स्व. विमलेश अग्रवाल के साथ टहलने व देवी दर्शन करने के लिए मुरसान गेट स्थित बौहरे देवी मंदिर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह मुरसान गेट स्थित गंदे कुआं के पास पहुंचीं, तभी दो बाइक सवार पांच लोग आए और नीलम के गले पर झपट्टा मार सोने की जंजीर तोड़ ली। महिलाओं ने शोर किया तो तमंचा तान सीमा के गले से भी जंजीर तोड़ लुटेरे अलीगढ़ रोड की ओर भाग गए। महिलाओं ने शोर मचाया तो लोगों ने लुटेरों का पीछा किया लेकिन शातिरों ने उन पर तमंचा तान दिया। इससे पीछा करने वाले रुक गये। बाद में लोगों का जमघट लग गया। घटना की कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। दोनों जंजीरों का वजन करीब साढ़े तीन तोला बताई गई है।