ससुराल में विवाहिता की मौत
संवाद सहयोगी, हाथरस : खंदारी गढ़ी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार प्लाट के लिए कई वर्षो से उसे तंग किया जा रहा है। पति, सास व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सत्यवीर निवासी बांण (हसायन) ने तीन वर्ष पूर्व अपनी बेटी पिंकी की शादी राजकुमार निवासी खंदारी गढ़ी से की थी। सत्यवीर का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से राजकुमार प्लाट दिलवाने को कह रहा था। इसे लेकर पिंकी को परेशान करना शुरू कर दिया था। सोमवार की सुबह लगभग 9 बजे पिंकी की मौत हो गई। सुबह 11 बजे पिंकी के मायके वालों को यह जानकारी दी गई। आनन-फानन में परिजन खंदारी गढ़ी पहुंचे। पिंकी का शव देख परिजन बदहवास हो गए। पिंकी के गले पर फंदे के निशान थे। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने फांसी लगाकर पिंकी की हत्या कर दी। इस दौरान मोहल्ले में काफी लोग एकत्रित हो गए। विवाहिता की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। पिंकी की एक वर्षीय बच्ची भी है।
घटना से क्षुब्ध पिता सत्यवीर दोपहर को कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे तथा दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पति राजकुमार के अलावा सास गुड्डी, देवर नीरज व ननद पूजा को नामजद किया गया है। शाम तक पिंकी का शव घर पर ही रखा रहा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर शाम तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।