महासमर-चुनावी संचालन पर संघ की नजर
जागरण संवाददाता, हाथरस :
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भले ही खुद को भाजपा की राजनीति से दूर रहने का दावा करता हो, मगर लोकसभा चुनाव में संघ ने अपने तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रचारकों को लगा दिया है। हर जनपद में संघ की चुनावी संचालन पर नजर है। संघ पदाधिकारी से सलाह-मशविरा के बिना कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा। संघ नेता से हरी झंडी मिलने के बाद ही कोई कदम आगे बढ़ाया जाता है।
मिशन-2014 को हासिल करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मोदी लहर ने भाजपाइयों का उत्साह और बढ़ा दिया है। मगर, राष्ट्रीय स्वयं संघ इस माहौल में और सतर्क हो गया है। भाजपा के समर्थन की खुले शब्दों में बात न करने वाला संघ खुलकर चुनाव में कूद गया है। चुनाव वाले क्षेत्रों में संघ ने अपना प्रचारक या अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भेज दिया है। ताकि, जीत की दहलीज पर पहुंचकर किन्हीं कर्मियों की वजह से पार्टी को हार का सामना न करना पड़े।
यूं कहें कि संघ ने भाजपा के चुनावी संचालन पर नजर गड़ा दी है। हाथरस संसदीय क्षेत्र में भी चुनावी संचालन पर नजर रखने के लिए संघ के प्रचारक आ चुके हैं।
जिलाध्यक्ष सुभाष सेंगर का कहना है कि संघ के प्रचारक कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेकर उनसे सलाह-मशविरा करते हैं। समस्याएं भी पूछी जाती हैं। इन समस्याओं को इसी शाम उच्च पदाधिकारियों को निस्तारण कराने के लिए प्रेषित कर दिया जाता है।
ब्रजक्षेत्र के महामंत्री का भी डेरा
चुनावी संचालन के मद्देनजर हाईकमान के निर्देश पर भी एक वरिष्ठ नेता की तैनाती की गई है। ब्रज क्षेत्र के महामंत्री भानु प्रताप सिंह डेरा डाले हुए हैं। अन्य वरिष्ठ नेता भी समय-समय पर आकर भाजपाइयों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
------