दुर्घटनाग्रस्त होने से बची राजधानी
संवाद सहयोगी, हाथरस : नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही राजधानी एक्सप्रेस के इंजन में गाय फंस गई। हादसा हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के समीप हुआ। रेल कर्मियों ने बमुश्किल गाय के शव को इंजन से निकाला। हादसे से आधा घंटा डाउन ट्रैक बाधित रहा।
उत्तर मध्य रेलवे ट्रैक पर ट्रेन हादसे बढ़ते जा रहे हैं। ट्रैक पर मवेशियों के घूमने के कारण यह हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार की शाम लगभग 7.15 पर हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के समीप एक गाय नई दिल्ली से आ रही राजधानी एक्सप्रेस (22812) की चपेट में आ गई। तेज रफ्तार ट्रेन से टकराने के बाद गाय के चीथड़े उड़ गए। गाय का शव इंजन के नीचे फंस गया। चालक ने तत्काल ट्रेन को रोका। इंजन में गाय फंसने की खबर से स्टेशन पर मौजूद अधिकारी व कर्मचारी घटना स्थल की ओर दौड़े। ट्रेन से चालक व अन्य कर्मी नीचे उतरे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। रेलवे पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। इधर रेल कर्मियों ने बमुश्किल शव को इंजन से बाहर निकाला। मांस के लोथड़े ट्रेन के इंजन में फंस गए थे। इंजन की सफाई करने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
दुर्घटना के कारण लगभग आधा घंटा ट्रेन स्टेशन के समीप खड़ी रही। डाउन ट्रैक प्रभावित होने से कई ट्रेनें लेट हुई। राजधानी एक्सप्रेस में मौजूद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।